रूद्रपुर। मेट्रोपोलिस में पिछले सात दिनों से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का रविवार को भव्य समापन हुआ। कथा के विश्राम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सहभागिता की। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान कथा वाचक का माल्यार्पण कर विधिवत सम्मान किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ठुकराल ने मेट्रोपोलिस के निवासियों को धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने कथा के सफल आयोजन के लिए मेट्रोपोलिस के अध्यक्ष देवेंद्र शाही सहित विक्रांत फुटेला, सुनील शुक्ला, दिलीप सिंह और रवि सिंह के प्रयासों की सराहना की।
ठुकराल ने जानदार सिंह, बिहारी लाल चौहान, पुष्पेंद्र राय, हरेंद्र राय, बृजेश तिवारी, संतोष यादव, जीवन सिंह सहित समस्त आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति को मानसिक शांति मिलती है तथा भक्ति मार्ग का सही ज्ञान प्राप्त होता है।
पूर्व विधायक ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कथा के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के लिए इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का निरंतर आयोजन आवश्यक है।
