रुद्रपुर। आरएएन पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के कक्षा 7 के छात्र और इंदिरा कॉलोनी निवासी कुंज चौधरी ने ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर में आयोजित CBSE नॉर्थ ज़ोन क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्ज़ा जमाया।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 4000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुंज ने अपनी दमदार गेंदबाज़ी और अनुशासनपूर्ण खेल के दम पर टीम को विजयी बनाने में अहम भूमिका निभाई।
कुंज के पिता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री हरीश चौधरी ने कहा, “कुंज बचपन से ही मेहनती और लगनशील रहा है। उसकी यह सफलता हम सभी के लिए गर्व का विषय है।”
रुद्र लाइंस क्रिकेट अकादमी के कोच श्री नवीन टम्टा और दीपक आर्य ने कुंज की प्रतिभा को निखारने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। श्री टम्टा ने कहा, “कुंज की मेहनत और समर्पण देखकर विश्वास है कि वह एक दिन राष्ट्रीय टीम में जगह बनाएगा। यह तो सिर्फ शुरुआत है।”
इस उपलब्धि पर पूर्व मेयर रामपाल सिंह, कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र प्रसाद शर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्य भावना भनोट, डिसएबल स्पोर्टिंग समिति के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, अनिल चौहान, राकेश सिंह, भुवन गुप्ता, शैलेन्द्र रावत, प्रमोद शर्मा, विनय विश्वास, अंबर सिंह, आयुष तनेजा, बबलू दिवाकर, शरद जोशी, सत्य प्रकाश, अनु चौधरी आदि ने कुंज को बधाई दी।
