रुद्रपुर राइजिंग फाउंडेशन ने मनाया 12वां स्थापना दिवस, 100 से अधिक पौधे लगाए, समाजसेवियों को किया सम्मानित

रुद्रपुर। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रुद्रपुर राइजिंग फाउंडेशन ने रविवार को अपना 12वां स्थापना दिवस गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम परिसर में पौधारोपण एवं सम्मान समारोह के साथ मनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा रहे। इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों, समाजसेवियों और नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में 100 से अधिक पौधे रोपे गए, जिनमें आम, जामुन, गुलमोहर, कनैर और नीम जैसी प्रजातियां शामिल थीं।

समारोह के दौरान संस्था ने सामाजिक, पर्यावरणीय और बाल कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहे विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। महापौर ने राजू गावा, ओंकार ढिल्लो, मुनेन्द्र कुमार और जतिन अग्रवाल को सामाजिक कार्यों, योगेश लांबा एवं पी.के. मौर्य को पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया। बाल कल्याण समिति की सदस्य चंद्रकला राय को बाल हित में कार्यों हेतु तथा नागेन्द्र शर्मा को खेल क्षेत्र में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

महापौर विकास शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण असंतुलन आज की सबसे बड़ी चुनौती है, और इसे सामूहिक प्रयासों व जनसहभागिता से ही सुधारा जा सकता है। उन्होंने पौधारोपण को प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा से जोड़ते हुए इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि नगर निगम ने भी हाल ही में हरेला पर्व पर जापानी मियावाकी तकनीक से फाजलपुर में वन विकसित करने की शुरुआत की है, जो एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न सामाजिक संगठनों को उनके नाम पर हरित वन विकसित करने के लिए भूमि आवंटित की जाएगी, जिससे यह मुहिम जनांदोलन का रूप ले सके।

संस्था के अध्यक्ष विजय आहूजा ने फाउंडेशन की 12 वर्षों की यात्रा साझा करते हुए कहा कि सेवा ही इसका मूल उद्देश्य रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था ने अब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और भविष्य में भी अपनी भूमिका और अधिक सशक्त बनाने हेतु प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में आलोक जैन, तेजस ढिल्लो, सुमन मिश्रा, गौतम थापा, मेरी थापा, गिरीश जोशी, अभिनव गुप्ता, अजय कुमार सिंह, प्रांजल मौर्य, विजय कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।