छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर कुर्मी महासभा ने अर्पित की श्रद्धांजलि

रुद्रपुर। कुर्मी महासभा ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर महासभा के केंद्रीय महामंत्री मनोहर लाल गंगवार के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार के नेतृत्व में समाज के लोगों ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज मराठा साम्राज्य के संस्थापक और एक महान योद्धा थे। उनका जीवन देशभक्ति, शौर्य और कुशल रणनीति का प्रतीक है, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की वीरता और युद्ध कौशल हम सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की सीख देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी महाराज भारत के गौरवशाली इतिहास के केंद्रबिंदु रहे हैं। अपनी बुद्धिमत्ता और साहस से उन्होंने मराठा साम्राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और स्वराज की भावना को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी प्रेरणादायी गाथा सदैव स्मरणीय रहेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री मनोहर लाल गंगवार, यो लाल गंगवार, राकेश रस्तोगी, ओमवीर गंगवार, किशन गंगवार, रामदास गंगवार, भगान दास गंगवार, आकाश गंगवार, मुकेश मंडल, उमेश पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।