LLB छात्रा के घर में घुसकर की थी छेड़छाड़, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मीडिया ग्रुप, 02 नवंबर, 2023

उत्तर प्रदेश। गौतमबुद्ध नगर जिले में एक ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में स्थित LLB फर्स्ट ईयर की छात्रा के घर में घुसकर उसके ही सहपाठी ने छेड़छाड़ और मारपीट की थी।

पुलिस ने 30 अक्टूबर को हुई इस घटना के मुख्य आरोपी तनवीर अहमद को छेड़छाड़ और हमला करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने साथियों के साथ छात्रा के घर में घुसकर घटना को अंजाम देने के एक दिन पहले ही आरोपी ने छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया था।

मामले के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि यह घटना सेक्टर 142 थाना क्षेत्र के सेक्टर 137 की एक हाउसिंग सोसाइटी में 30 अक्टूबर को हुई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) ह्रदेश कठेरिया ने कहा कि मुख्य आरोपी और शिकायतकर्ता दोनों नोएडा में एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं।

कठेरिया ने कहा, ‘लिखित शिकायत के बाद स्थानीय थाने में FIR दर्ज की गई। आरोपी शिकायतकर्ता की ही कक्षा में पढ़ता है। 29 अक्टूबर को आरोपी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और अगले दिन सुबह वह अपने साथियों के साथ सोसायटी में उसके घर पहुंचा जहां उन्होंने छात्रा के साथ मारपीट की।

अधिकारी ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए आगे कहा, ‘मुख्य आरोपी की पहचान तनवीर अहमद के रूप में हुई है। उसे आज गिरफ्तार कर लिया गया और उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया। इस मामले में अन्य अभियुक्तों पर भी विधिक कार्रवाई की गई है।’

पुलिस ने बताया कि तनवीर अहमद के अलावा करीब 10 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है जिनमें से कुछ अज्ञात हैं। उसने कहा कि बाकी के आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक, अहमद दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन में रहता है।