ऊधमसिंह नगर : रुद्रपुर में फिर विजिलेंस की दस्तक से भ्रष्टाचारियों में मचा हड़कंप।

मीडिया ग्रुप, 02 सितंबर, 2023

रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल में डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार करने वाली हल्द्वानी सतर्कता विभाग की टीम आज एक बार फिर रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल पहुंची। विजिलेंस की विशेष टीम ने मेट्रोपोलिस मॉल में वारदात स्थल का निरीक्षण किया।

विजिलेंस ने सिक्योरिटी कर्मियों और कुछ दुकानदारों से बात कर उनका मोबाइल नंबर और नाम लिखकर ले गई। मॉल के बाहरी परिसर में कुछ देर चहल कदमी करने के बाद विजिलेंस की टीम मौके से रवाना हो गई।

टीम में एक महिला पुलिस अधिकारी भी मौजूद थी। हम आपको बता दें कि बीते 24 अगस्त को विजिलेंस की टीम ने डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी को रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल परिसर से ₹100000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

उसी दिन विजिलेंस की दूसरी टीम ने गिरफ्तार डीपीआरओ के घर से लगभग 25 लाख 70 हजार रुपए नगद बरामद किए थे। शासन से अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस ने क्लास टू ग्रेड के राजपत्रित अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी को बीते 24 अगस्त को गिरफ्तार किया था उधर आज रुद्रपुर में विजिलेंस की चहलकदमी के बाद भ्रष्टाचारियों में एक बार फिर हड़कंप मच गया है।