पंजाब कैबिनेट की घोषणा के लिये मुख्यमंत्री का चार दिन में तीन बार दिल्ली का दौरा।

मीडिया ग्रुप, 25 सितंबर, 2021

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मंत्रिमंडल के गठन का मामला उलझता जा रहा है। कैबिनेट गठन को अंतिम रूप देने के लिए चन्नी को पार्टी हाईकमान ने 24 घंटे में दूसरी बार दिल्ली बुला लिया है।

शुक्रवार को वह सुबह ही चंडीगढ़ लौटे और नया आदेश मिलते ही शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। गत 20 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद बीते चार दिन में चन्नी का यह तीसरा दिल्ली दौरा है।

चन्नी ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और के. वेणुगोपाल और हरीश रावत के साथ बैठक की। उसके बाद वे शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ लौटे तो माना जा रहा था कि वे अपनी कैबिनेट का एलान करेंगे या राज्यपाल से मिलकर मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण का समय लेंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और शाम को उन्हें फिर से दिल्ली पहुंचने के लिए कह दिया गया।

इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल के गठन का मामला नहीं सुलझ पाया है और किसी भी विवाद से बचने के लिए फिर से विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेष बात यह भी है कि इस बार चन्नी को पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के साथ दिल्ली पहुंचने को कहा गया। दोनों नेता शुक्रवार शाम 5 बजे राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वह कपूरथला हाउस में रुकेंगे।