56 ब्लेड निगल गया युवक, खून की उल्टियां होने पर दोस्त लाए अस्पताल।

मीडिया ग्रुप, 15 मार्च, 2023

राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाला एक युवक एक-एक कर 56 ब्लेड निगल गया।

युवक की हालत इतनी खराब हुई कि वह खून की उल्टियां करने लगा, साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी सोनोग्राफी कराई तो वे भी हैरान रह गए। युवक के पेट में जगह-ब्लेड फंसे नजर आ रहे थे।

ब्लेड से गले और पेट के अंदर जगह-जगह घाव हो गए थे। इसके बाद सात डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे तक ऑपरेशन कर के पेट से ब्लेड बाहर निकालीं।

दरअसल, युवक एक कंपनी में अकाउंटेंट है। वह बालाजी नगर में किराए पर कमरा लेकर चार दोस्तों के साथ रहता है। रविवार सुबह वे ऑफिस चले गए, युवक कमरे पर अकेला था।

अचानक उसे खून की उल्टियां होने लगीं, इसके बाद उसने अपने एक दोस्त को कॉल कर कहा कि उसकी तबीयत खराब है। उसके दोस्त कमरे पर पहुंचे और उसे अस्पातल में भर्ती कराया।

डॉक्टर भी रह गए हैरान

खून की उल्टियां कर रहे युवक का मेडिप्लस हॉस्पिटल के डॉ. नरसी राम ने पहले एक्सरे कराया और फिर सोनोग्राफी भी कराई। इससे उसके पेट में बहुत सारे ब्लेड नजर आए।

एंडोस्कोपी करने के बाद ये बात पक्की हो गई कि यशपाल के पेट में ब्लेड ही हैं। इसके बाद उसके ऑपरेशन की तैयारी की गई।

सात डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद यशपाल के पेट से 56 ब्लेड निकालीं। फिलहाल उसकी हालत ठीक है, डॉक्टर उसके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।

युवक क्यों निगल गया ब्लेड

युवक के दोस्तों से जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। उनका कहना है कि युवक ने इतनी ब्लेड क्यों खाईं इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं हैं। फोन पर वह अच्छे से बात किया करता था।

इधर, डॉक्टरों का कहना है कि हो सकता है कि युवक को डिप्रेशन या एंग्जाइटी हो, जिसके कारण उसने ब्लेड के तीन पैकेट खा लिए। उसने ब्लेड को 2 हिस्सों में बांटकर कवर के साथ खाया था। जिससे ब्लेड उसके पेट में चली गईं।

युवक अगर बिना कवर के साथ ब्लेड खाता तो ये गले में ही अटक जातीं। पेट में ब्लेड जाने के बाद उसका कवर गल गया और कट लगने से पेट के अंदर से खून निकलने लगा। जिससे उसे खून की उल्टियां होने लगीं।