उत्तराखंड में अगले 24 घंटे के दौरान सात जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, अलर्ट जारी।

मीडिया ग्रुप, 11 फरवरी, 2023

राजधानी देहरादून के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में अगले 24 घंटे में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। साथ ही ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है।

इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। उधर, मौसम वैज्ञानिकों ने कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक राजधानी व आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने की संभावना है।

मसूरी में हुई बारिश, बढ़ी ठंड

शहर में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली और दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। इससे एक बार फिर तापमान गिरने से ठंड में इजाफा हो गया। पिछले दिनों से हल्की सी गर्मी के चलते लोगों ने गर्म कपड़े भी पैक कर दिए थे।

अचानक हुई बारिश और बढ़ी ठंड के चलते एक बार फिर से गर्म कपड़ों को बाहर निकाल लिया गया। मसूरी में अधिकतम तापमान गिरकर आठ डिग्री तक पहुंच गया।