मच्छर भगाने वाली अगरबस्ती से लगी आग, झुलसकर मां-बेटे की मौत।

मीडिया ग्रुप, 02 फरवरी, 2023

यूपी। प्रयागराज में देर रात आग से झुलसने वाली बुजुर्ग ने भी बुधवार को दम तोड़ दिया। इसी घटना में बेटे की मंगलवार को मौत हो गई थी। मां बेटे एक ही कमरे में सो रहे थे। मच्छर मारने वाली अगरबत्ती से बिस्तर में आग लगने से यह हादसा हुआ था।

दरियाबाद कटहरा इलाके का रहने वाला विनोद ई रिक्शा चलाता था। विनोद की शादी हो चुकी है, लेकिन विवाद के बाद पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई। विनोद के दो बड़े भाई है जो घर के ऊपरी हिस्सों में अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की रात विनोद और उसकी मां कमरे में सो रहे थे। देर रात अचानक आग लगी तो दोनों चीखने लगे।

तब तक आग ने भीषण रुख अख्तियार कर लिया था। दरवाजे और खिड़की में आग लगने के कारण दोनों फंस गए। घर वालों और मुहल्ले वालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे विनोद और चंद्रकली को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को विनोद और बुधवार को चंद्रकली ने दम तोड़ दिया।

अतरसुइया थाना प्रभारी वाईपी सिंह ने बताया कि घरवालों ने लिखकर दिया है कि विनोद अपने बिस्तर के बगल में मच्छर मारने वाली अगरबत्ती जलाकर सोता था। उसी से आग लगी थी। इस मामले में इत्तेफाकिया की रिपोर्ट दर्ज की गई है।