घर के बाहर धूप में बैठी महिला से हथियार के बल पर लूट।

मीडिया ग्रुप, 13 दिसंबर, 2022

हथियार के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने यूपी के लोनी के अंकुर विहार कॉलोनी में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े महिला से लूट की घटना को अंजाम दिया। महिला अपने घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रही थी। बदमाशों ने महिला के जेवरात लूट लिए। लूट की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

डीएलएफ अंकुर विहार कॉलोनी में महिला अपने पति व बच्चों के साथ रहते हैं। दोपहर के समय महिला अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास आकर रुके।

एक बदमाश महिला से लूटपाट की कोशिश करने लगा। लूटपाट होने पर महिला ने इसका विरोध किया। विरोध होने पर बदमाश ने महिला पर हथियार तान दिया और गोली मारने की धमकी देने लगा।

हथियार देखने पर महिला बचने लगी। इसके बाद बदमाश ने महिला से जेवरात लूट लिए। महिला के पास खड़े एक किशोर से भी बदमाशों ने लूटपाट की। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

इसके बाद महिला ने आसपास के लोगों की मदद से स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि महिला की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।