लाखों भारतीय व्हाट्सएप यूजर्स का डाटा बेच रहे हैकर, एरिया कोड तक बिक रहा।

मीडिया ग्रुप, 27 नवंबर, 2022

हैकर्स ने पूरी दुनिया के 48.7 करोड़ व्हाट्सएप यूजर्स का डाटा हैक करके इंटरनेट पर बेचने के लिए जारी कर दिया है। इनमें 61.62 लाख फोन नंबर भारतीयों के हैं। इस डाटा में फोन नंबर, देश का नाम और एरिया कोड शामिल हैं। सभी डाटा सक्रिय उपभोक्ताओं के हैं।

16 नवंबर को जारी डाटा में 84 देशों के नागरिकों की सूचना हैं। देशों के अनुसार ही नंबरों की श्रेणियां बनाकर बेची जा रही हैं। हैकर ने साथ में जारी संदेश में लिखा, आज मैं इन व्हाट्सएप यूजर्स के डाटा बेस को बेच रहा हूं। यह 2022 का हालिया डाटा है। यानी आप इसे खरीदेंगे तो ताजा एक्टिव मोबाइल यूजर्स मिलेंगे।

84 देशों में से सर्वाधिक 4.48 करोड़ यूजर्स का डाटा मिस्र का है। इसके बाद इटली के 3.56 करोड़, अमेरिका के 3.23 करोड़, सऊदी अरब के 2.88 करोड़ व फ्रांस के 1.98 करोड़ यूजर्स का डाटा शामिल है। हैक हुए यूजर्स की सूची में भारत 25वें नंबर पर है।

कुछ साइबर विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह काम स्क्रैपिंग हैकिंग तकनीक से हुआ। इस तकनीक में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म यूजर्स की जानकारियां बड़ी संख्या में किसी प्रोग्राम के जरिए चुरा कर स्टोर की जाती हैं। ऐसी गतिविधि व्हाट्सएप कंपनी की यूजर शर्तों का उल्लंघन है, लेकिन व्हाट्सएप खुद इसे रोक नहीं पाया।

बचाव : अगर स्क्रैपिंग का अनुमान सही है तो यह हैक खुद व्हाट्सएप कंपनी की कमजोरी से हुआ है। इससे बचने के लिए यूजर्स कुछ नहीं कर सकते थे। हालांकि, इन नंबरों को कोई अजनबी अपने फोन में सेव करके आपकी प्रोफाइल फोटो, स्टेटस, अबाउट इंफो, ऑनलाइन होने की जानकारी, प्रोफाइल नाम आदि देख सकता है।

बचने के लिए आप व्हाट्सएप की सैटिंग्स में जा कर प्राइवेसी बदल कर इसे ‘कॉन्टैक्ट ओनली’ कर सकते हैं। इससे केवल वही लोग बताई गई चीजें देख पाएंगे जो आपके कांटेक्ट में हैं।