गर्भवती महिला के लिए देवदूत बनी भारतीय सेना, अस्पताल पहुंचाने में की मदद।

मीडिया ग्रुप, 25 नवंबर, 2022

जम्मू संभाग के जिला पुंछ के दूर-दराज क्षेत्र में रात में दर्द से परेशान गर्भवती महिला के लिए भारतीय सेना की टीम देवदूत बनी। पुंछ के साबजियां में एलओसी के पास सुमवाली गांव में सेना के जवानों ने गर्भवती महिला को चिकित्सा सहायता दी और समय पर उसे अस्पताल भी पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।

सेना के अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात एक महिला को पेट में तेज दर्द हो रहा था। वह दो महीने की गर्भवती है। स्थानीय लोगों ने फोन कर सेना से चिकित्सा सहायता के लिए आग्रह किया। इस पर नाला पोस्ट पर सेना की मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पहले महिला की जांच की गई और फिर उसे आगामी चिकित्सा परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इसके लिए स्थानीय लोगों ने सेना का आभार जताया है।