बबली सिपाही से सीधे डीएसपी बनीं, सोशल मीडिया पर सुर्खियों में।

मीडिया ग्रुप, 05 सितंबर, 2022

ऐसा कहा जाता है कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। इस दुनिया में हर कोई इंसान अपने जीवन में कामयाबी पाना चाहता है। परंतु कामयाबी सिर्फ सोचने से ही नहीं मिलती है। इसके लिए जीवन में कड़ी मेहनत के साथ साथ संघर्ष करना पड़ता है। बहुत से लोग ऐसे होते हैं, जो अपनी जिंदगी की कठिन परिस्थितियों के आगे हार मान जाते हैं और मेहनत करना छोड़ देते हैं। ऐसी ही मिसाल बिहार की एक बेटी साबित कर दिखाई है।

सोशल मीडिया पर बिहार की लेडी कांस्टेबल बबली की कहानी सुर्खियों में है। बबली अब DSP बनने जा रही हैं। बबली ने कॉन्स्टेबल की नौकरी के साथ ही BPSC एग्जाम की तैयारी की और तीसरे अटेम्प्ट में सेलेक्ट हो गईं।

बिहार की लेडी कॉन्स्टेबल बबली अब DSP बनने जा रही हैं। वह कहती हैं- मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। नौकरी के साथ पढ़ाई में दिक्कत आ रही थी। इसलिए इस बार मेंस की तैयारी के लिये मैं पटना चली गई थी। अब एग्जाम क्लियर कर बहुत अच्छा फील हो रहा है।

बबली की 7 महीने की एक बेटी भी है। बेटी की देखभाल के साथ-साथ नौकरी करना और पढ़ाई भी चालू रखना आसान नहीं था, लेकिन बबली ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बबली ने बीए तक की पढ़ाई की है। उन्होंने साल 2015 में कॉन्स्टेबल के रूप में पुलिस में नौकरी शुरू की थी। हाल में उनकी तैनाती बेगूसराय जिले में पुलिस लाइन में थी। अब BPSC क्लियर करने के बाद अब वो डीएसपी की ट्रेनिंग पर जाने वाली हैं।

बबली की सफलता पर बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने उन्हें सम्मानित किया। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि जिला बल की होनहार सिपाही ने ड्यूटी के बाद समय निकाल कर ना सिर्फ अपना सपना साकार किया है बल्कि उन्होंने सहकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।