उधमसिंह नगर : व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ़ मुक़दमा दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 21 अगस्त, 2022

सितारगंज। महिला से अभद्रता और छेड़खानी के आरोप में व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है जबकि तहरीर में एक अन्य व्यक्ति का नाम भी लिखा है। व्यापारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नगर की एक महिला ने शुक्रवार शाम व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। इसमें एक अन्य व्यक्ति का नाम भी लिखा गया है। आरोप लगाया कि चौराहे पर स्थित दुकान पर तीन-चार लोग खड़े थे। जब वह वहां से निकली तो आरोपियों ने अभद्रता कर छेड़खानी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एक अन्य व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस उन्हें और उनके दो साथियों को कोतवाली ले आई जहां से जमानत के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यापारी नेता पर मुकदमा दर्ज होने से नाराज कई व्यापारी उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने जिला और प्रदेश के पदाधिकारियों को घटना की सूचना दी।

व्यापार मंडल अध्यक्ष का कहना है कि मामले में फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया कि महाराणा प्रताप चौक पर व्यापारी की बाइक फिसलने पर महिला समेत दो लोग व्यापारी को पीट रहे थे। वह दुकान में बैठे थे। शोरगुल सुनकर उन्होंने बीचबचाव कराया।

उन्होंने कोतवाल से प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस संबंध में किच्छा में व्यापार मंडल की जिला और प्रदेश स्तरीय बैठकें भी होनी हैं। प्रदेश अध्यक्ष के निर्णय के मुताबिक आगे काम किया जाएगा अगर बाजार, जिला या प्रदेश बंद का आदेश मिला तो वह भी किया जाएगा।