कॉमेडियन ही नहीं संगीत के अच्छे जानकार भी हैं जाकिर खान, जन्मदिन पर जानें उनसे जुड़ी खास बातें

मीडिया ग्रुप, 20 अगस्त, 2022

कॉमेडियन-एक्टर जाकिर खान आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक उन्हें उनकी यूनिक कॉमेडी की वजह से पहचाना जाता है। वह हर साल 20 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाते हैं।

उनका जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। हालांकि उन्होंने अपने जिंदगी का ज्यादा वक्त दिल्ली में गुजारा है। आज उनके जन्मदिन पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ अनसुनी बातें बताने जा रहे हैं।

जाकिर के बारे में बहुत कम लोगों को ही यह बात पता होगी कि वह सितार काफी अच्छा बजा लेते हैं। उन्होंने सितार में डिप्लोमा भी किया हुआ है। एक बार उन्होंने बताया था कि अगर वह स्टैंड अप कॉमेडियन नहीं होते तो संगीत टीचर होते। साल 2012 में वह कॉमेडी सेंट्रल द्वारा आयोजित ‘इंडियाज बेस्ट स्टैंड अप’ का खिताब अपने नाम कर रातोंरात फेमस हो गए थे।

वह कई स्टैंड-अप कॉमेडी शो में परफॉर्म करने के अलावा घोस्ट राइटिंग भी कर चुके हैं। इसके अलावा वह रेडियो शो का भी निर्माण कर चुके हैं। साल 2017 में उनकी लोकप्रियता की वजह से उन्हें मशहूर कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में बतौर मेंटर हिस्सा लेने का मौका मिला था।

जाकिर खान की लोकप्रियता का अंदाजा उनके सोशल मीडिया पर उपस्थिति से लगाया जा सकता है। यूट्यूब पर उनके वीडियोज अक्सर ट्रेंड करने लगते हैं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। इंस्टा पर उन्हें 46 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

उनके हर पोस्ट पर लाखों लाइक्स आते हैं। जाकिर की असली पहचान स्टैंड-अप कॉमेडी की वजह से है। वह देश सहित विदेशों में भी कई शोज कर चुके हैं।

दूसरे देशों में भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। जब भी वह किसी अन्य देश में शो करते हैं तो शो की टिकट तुरंत बिक जाती हैं। इसके अलावा वह एक्टिंग में भी अपना हाथ आजमा चुके हैं। अब तक वह दो वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं।

अमेजन प्राइम पर उनकी वेब सीरीज ‘चाचा विधायक हैं हमारे’ काफी हिट हुई थी। इस शो में उनकी एक्टिंग काफी पसंद की गई थी। इस सीरीज के दूसरे सीजन में भी उन्होंने अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता था।