उत्तराखंड देवभूमि में हैवानियत की हदें पार, मां और छह साल की बच्ची के साथ गैंग रेप, बच्ची की हालत गंभीर।

मीडिया ग्रुप, 25 जून, 2022

उत्तराखंड देवभूमि में हैवानियत की हदें पार करने वाली घटना सामने आई है। उत्तराखंड के रूड़की में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। शुक्रवार देर रात को कार में लिफ्ट देकर कार सवारों ने महिला और उसकी छह साल की बेटी के साथ गैंग रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मां-बेटी को गंगनहर किनारे फेंककर फरार हो गए।

लहूलुहान हालत में बेटी को लेकर महिला पुलिस के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, रात में महिला को साथ लेकर कार सवारों की आसपास तलाश की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।

पुलिस ने मां की तहरीर पर गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कलियर क्षेत्र निवासी एक महिला शुक्रवार की देर रात अपनी छह साल की बेटी के साथ किसी काम से रुड़की आ रही थी। सवारी के इंतजार में वह कलियर में गंगनहर किनारे खड़ी थी। एक कार को आता देख महिला ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। साथ ही कार सवारों से रुड़की तक लिफ्ट मांगी। कार सवारों ने महिला को कार में बैठा लिया और रास्ते में इस घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि कार सवारों ने रुड़की और कलियर गंगनहर पटरी के बीच महिला को डरा धमकाकर उसके साथ गैंगरेप किया। यही नहीं हैवानों ने उसकी बच्ची के साथ गैंगरेप किया। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार मां और बेटी को गंगनहर पटरी के पास छोड़कर फरार हो गए।

महिला बेटी को लहूलुहान हालत में लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही महिला को साथ लेकर गंगनहर पटरी और रुड़की व आसपास कार सवारों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।

एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार की रात महिला की तहरीर पर गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि महिला एक युवक के साथ थी और रुड़की आने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। इस मामले में युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

सिविल अस्पताल में बच्ची के भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम उसके उपचार में जुट गई। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए रात में ही सर्जरी की गई।