ऊधमसिंह नगर : शान्तिपुरी में वन विभाग की टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद घायल गुलदार का रेस्क्यू कर बचाई उसकी जान।

मीडिया ग्रुप, 28 जनवरी, 2022

शांतिपुरी। तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज क्षेत्र के श्रीलंका टापू के पास गौला नदी में एक घायल गुलदार मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। वन विभाग की टीम लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को रेस्क्यू कर रानीबाग सेंटर ले गई। गुलदार की हालत सामान्य बनी है।

गुरुवार सुबह गौला में मजदूरों ने श्रीलंका टापू के पास नदी किनारे तेंदुए को देखा। सूचना पर वन विभाग की टीम ने पशु चिकित्सकों के साथ मौके पर पहुंचकर गुलदार को बेहोश करने का कार्य किया। लगभग ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर वन विभाग गुलदार का रेस्क्यू कर अपने साथ ले जाने में सफल रहे। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सास ली।

तेंदुए के पिछले पैरों में एक्ससिलेटर की तार का फंदा लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीण ने खेतों को वन्य जीवों से बचाने के लिए फंदा लगाया होगा। जिसमें गुलदार का पैर फंस गया और वह घायल हो गया। रेंजर आरपी जोशी ने बताया कि गुलदार स्वस्थ है, चिकित्सकों ने उसे आब्जरवेशन में रखा है।