ऊधमसिंह नगर : एडीएम ने समीक्षा बैठक में संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष से दी जाने वाली आर्थिक सहायता को आसान बनाने के दिये निर्देश।

मीडिया ग्रुप, 24 दिसंबर, 2021

रिपोर्ट- मनीष ग्रोवर 9837676185

रूद्रपुर। राय सिख समुदाय के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के शैक्षिक उन्नयन हेतु संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष से दी जाने वाली आर्थिक सहायता की समीक्षा तथा समिति द्वारा दिये गये प्रस्ताव पर अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र द्वारा चर्चा की गई।

उन्होने संबंधित अधिकारी को संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष की आय बढाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा आर्थिक सहायता हेतु निर्धारित मानकों को सरल बनाया जाए ताकि और अधिक लोग आवेदन कर सके।

उन्होने जनपद में डैम के किनारे बसे राय सिख समुदाय के लोग जिनका आय प्रमाण पत्र नही बन पाता है, उन्हे भी पात्रता की श्रेणी मे लाने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिये।

उन्होने कहा शिक्षा का स्तर बढाने के उद्देश्य से निर्धारित आय प्रमाण पत्र की सीमा को बढाकर 1 लाख 50 हजार किया जाए ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो सके। उन्होने कहा संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष के ब्याज को बढाने के लिए इसके खाते को किसी अन्य बैंक में स्थानान्तरित करने का प्रयास करे जो बैंक सी0एस0आर0 में भी कार्य कर सके।

उन्होने संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष का पेन कार्ड बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। उन्होने संत केसर सिंह स्मृति सहायता कोष का कोष बढाये जाने हेतु उद्योगपतियों से कोष मे दान किये जाने के संबंध में बात किये जाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये।

इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक अधिकारी पल्लवी बिष्ट, समिति के जगत सिंह, कृपाल सिंह, लाल सिंह, राजेन्द्र सिंह, सतनाम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।