रुद्रपुर : गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, 20 फरवरी तक होंगे चरणबद्ध कार्यक्रम

रुद्रपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया है। अभियान के तहत 29 जुलाई से 20 फरवरी तक विभिन्न चरणों में सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने दी।

कमल जिंदल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को भाईचारे, सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाया। उनका ‘बेगमपुरा’ का दर्शन ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव, शोषण या अन्याय न हो।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत गुरु रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर जिले के विभिन्न गुरु रविदास मंदिरों में पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, भंडारे और संतों के सम्मान के साथ की गई।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘कलश वंदन अभियान’ चलाया जाएगा। वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जन्मस्थली, गोवर्धनपुर से 131 पवित्र कलश देशभर के विभिन्न राज्यों के लिए रवाना किए गए हैं। उत्तराखंड पहुंचने वाले कलश का जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा तथा नगरों, बस्तियों और गुरु रविदास मंदिरों में कलश पूजन के कार्यक्रम होंगे। साथ ही जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी का उपयोग निर्माणाधीन गुरु रविदास मंदिरों में किए जाने का आग्रह मंदिर समितियों से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक जनसंपर्क अभियान के माध्यम से गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों, महापुरुषों और समाज के प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सचखंड बल्लां (जालंधर) से गुरु रविदास जी की प्रतिमा के साथ राष्ट्रीय यात्रा निकाली जाएगी, जो वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जन्मस्थली गोवर्धनपुर तक पहुंचेगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित कई राज्यों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गुरु रविदास जी के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कमल जिंदल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने सामाजिक समानता और छुआछूत जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समरसता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुरु रविदास जी के संदेश को पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करेगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, कार्यक्रम सह-संयोजक राजेश कोली, विपिन सिंह गेहलोत, मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर, सह कार्यालय मंत्री सुरेंद्र चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा तथा अंकित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।