जीएसटी के नौ वर्ष पूर्ण होने पर टैक्स बार रामनगर ने दी शुभकामनाएं

रामनगर। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सफल क्रियान्वयन के नौ वर्ष पूर्ण होने तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस के अवसर पर टैक्स बार रामनगर की ओर से सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर अधिवक्ताओं, कर सलाहकारों एवं करदाताओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी गई।

टैक्स बार रामनगर के अध्यक्ष डॉ. पूरन चंद्र पांडे ने कहा कि 1 जुलाई भारतीय कर व्यवस्था के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 2017 में देशभर में जीएसटी लागू किया गया था, जिसने विभिन्न अप्रत्यक्ष करों को एकीकृत कर कराधान प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया। उन्होंने कहा कि जीएसटी के नौ वर्ष पूर्ण होना देश की कर व्यवस्था के निरंतर आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रतीक है।

टैक्स बार रामनगर के संयुक्त सचिव अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने भी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर अधिवक्ताओं, कर सलाहकारों और समस्त करदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और करदाता हितैषी बनाने में सभी हितधारकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा टैक्स बार रामनगर सदैव करदाताओं के हितों और जागरूकता के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि जीएसटी ने व्यापार करने में सुगमता बढ़ाने, कर अनुपालन को सरल बनाने तथा डिजिटल कर प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, कर अनुपालन सुनिश्चित करने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा उद्योग एवं व्यापार जगत को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके समर्पण, विशेषज्ञता और व्यावसायिक नैतिकता से देश की अर्थव्यवस्था को निरंतर मजबूती मिल रही है।