उधमसिंह नगर : फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में प्रॉपर्टी डीलर पर एक और मुकदमा दर्ज

उधमसिंह नगर। फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में जेल भेजे जा चुके प्रॉपर्टी डीलर सौरभ अग्रवाल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब ठाकुरद्वारा निवासी एक व्यक्ति ने उस पर दो शस्त्र लाइसेंस बनवाने का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर ठाकुरद्वारा थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसटीएफ की जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि सौरभ अग्रवाल ने कई लोगों को शस्त्र लाइसेंस दिलाने और लाइसेंस के आधार पर हथियार खरीदवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन पर हथियार खरीदने के मामले में एसटीएफ ने प्रारंभिक जांच के बाद काशीपुर कोतवाली में दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसटीएफ के अनुसार, काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल इस गिरोह का सरगना है।

ठाकुरद्वारा निवासी पीयूष कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि सौरभ ने खुद को शाहजहांपुर जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यरत बताते हुए वैध तरीके से लाइसेंसी पिस्टल का लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले उसने पीयूष और उसके भाई अमित से दस-दस लाख रुपये लिए।

पीयूष का आरोप है कि कुछ समय बाद सौरभ ने उन्हें दो पिस्टल दिखाईं और कहा कि इन्हें सरकारी रजिस्टर में दर्ज कराने के लिए दो-दो लाख रुपये अतिरिक्त देने होंगे। बाद में नवीनीकरण के नाम पर वह दोनों पिस्टल और चार लाख रुपये लेकर चला गया, लेकिन न तो पिस्टल वापस कीं और न ही रुपये लौटाए। पूछने पर सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि दोनों पिस्टल फर्जी थीं।

न्यायालय के आदेश पर ठाकुरद्वारा पुलिस ने आरोपी सौरभ अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सौरभ अग्रवाल द्वारा कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ठाकुरद्वारा पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।