रुद्रपुर। किच्छा रोड पर सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को चालक और उसकी बहन ने निजी अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
किच्छा निवासी शबनम इन दिनों अपने पिता के घर रुद्रपुर रह रही थी। वह किच्छा रोड स्थित एक घर में काम कर परिवार की आजीविका में सहयोग करती थी। बताया गया कि सोमवार शाम शबनम अपनी छोटी बहन के साथ शिमला पिस्तौर क्षेत्र में सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में शबनम गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भागा नहीं बल्कि महिला को उसकी बहन की मदद से एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर ने महिला का इलाज शुरू किया लेकिन देर रात इलाज के दौरान शबनम ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मंगलवार को सूचना मिलने पर बगवाड़ा चौकी से एसआई मोहन चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार, शबनम अपने पीछे की एक पुत्री छोड़ गई हैं। सीओ विभव सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
