रिपोर्ट : बादल गंगवार
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने विद्युत लाइनों को बदलने के कार्य के चलते रुद्रपुर के कई क्षेत्रों में बिजली कटौती की सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार एक और दो नवंबर को भदईपुरा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, एक नवंबर को गंगापुर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली कटौती की जाएगी।
विभाग के अनुसार भदईपुरा उपकेंद्र के 11 केवी टाउन पोषक से जुड़े रेशमबाड़ी, खेड़ा, पहाड़गंज, भदईपुरा, अग्रसेन नगर, अग्रसेन अस्पताल, नवल होटल और संतोषी माता मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
वहीं, गंगापुर उपकेंद्र के 11 केवी औद्योगिक एवं 11 केवी शिमला बहादुर पोषक से जुड़े गंगापुर, हिंदुस्तान सिटी, श्रीराम बाजार, औद्योगिक क्षेत्र, फुलसुंगा, सिडकुल रोड और आसपास के क्षेत्रों में एक नवंबर को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित अवधि के दौरान सहयोग करने और बिजली से चलने वाले आवश्यक उपकरणों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने की अपील की है। विभाग ने इन्वर्टर और जनरेटर चलाते समय फीडर लाइन से अलग रखने की भी सलाह दी है, ताकि बिजली आपूर्ति बहाल होने पर किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




