उधमसिंह नगर। सरेशाम हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर बीच सड़क गोली चला दी। सौभाग्य से गोली महिला के सीने के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। घायल महिला को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
शक्तिफार्म। ग्रामसभा रुदपुर के गांव जयंत नगर निवासी अनीशा ने बताया कि शुक्रवार शाम वह अपनी बड़ी बहन के साथ बाजार गई थी। बाजार से लौटते समय रास्ते में सिंह कॉलोनी, रुद्रपुर निवासी युवक ने किसी बात को लेकर महिला से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने लगातार तीन फायर किए। पहले दो फायर निशाने पर नहीं लगे, जबकि तीसरी गोली महिला के सीने के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व नानकमत्ता में हुआ था। वैवाहिक जीवन में मतभेद के बाद वह करीब तीन वर्ष पहले मायके लौट आई थी। इसके बाद वह रुद्रपुर निवासी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही वह अपने बेटे के साथ मायके आई थी। शुक्रवार को बाजार से लौटते समय आरोपी बाइक से पहुंचा और उसे रास्ते में रोक लिया। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है।
उप जिला अस्पताल सितारगंज के सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि गोली महिला के सीने के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकली है। गोली शरीर के भीतर नहीं फंसी और किसी महत्वपूर्ण अंग को नुकसान नहीं पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। फिलहाल उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
