उधमसिंह नगर। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली नानकमत्ता में सुरेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही पवन धामी, रामसेवक यादव तथा एक महिला ने उसके दो बच्चों को रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इस दौरान उससे 60 हजार रुपये नकद तथा 1 लाख 52 हजार रुपये रामसेवक यादव के बैंक खाते में जमा कराए गए।
पीड़ित के अनुसार पवन धामी ने कहा था कि रेलवे विभाग का जॉइनिंग लेटर सीधे उसके घर पहुंच जाएगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई नियुक्ति पत्र नहीं आया। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और मारपीट पर उतारू हो गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया।
पीड़ित के अनुसार निर्मल सिंह से करीब 3 लाख रुपये तथा राजेन्द्र सिंह से भी 3 लाख रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पवन धामी, रामसेवक यादव तथा एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
