रुद्रपुर : पत्नी के ऑपरेशन के लिए पति गए अस्पताल, चोरों ने खंगाल दिया घर

रुद्रपुर। बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी समेत लाखों के जेवरात पार कर लिए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश में जुट गई है। सुरेन्द्र निवासी भूरारानी ने बताया कि नौ जून को उनकी पत्नी का किच्छा हाईवे स्थित एक अस्पताल में ऑपरेशन था। इसके चलते वह घर में ताला लगाकर अस्पताल चले गए थे। इसके बाद गुरुवार दोपहर घर पहुंचे। वहीं घर पहुंचने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सारा सामान बिखरा था और अलमारी खुली हुई थी। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सुरेंद्र ने बताया कि चोर घर से 50 हजार की नकदी, चार तोला सोना और तीन सौ ग्राम चांदी के जेवरात चुरा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो फुटेज में चार नकाबपोश चोर दिखे। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। वहीं तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों से भी पछताछ की जा रही है।