रुद्रपुर में ‘स्पा’ की आड़ में जिस्मफरोशी का खेल, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू, संचालिका सहित 6 गिरफ्तार
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए सनसनी फैला दी है। शहर के गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर की गई छापेमारी में पुलिस ने मिजोरम की दो नाबालिगों सहित कुल पांच युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि रैकेट संचालित करने वाली महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में सामने आया कि गिरोह मिजोरम की युवतियों को अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर उत्तराखंड लाता था। रुद्रपुर पहुंचने के बाद उन्हें डराकर-धमकाकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। एएचटीयू इंचार्ज मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के अंदर का दृश्य देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। कमरों से आपत्तिजनक सामग्री, पांच मोबाइल फोन, एक क्यूआर कोड स्कैनर और रिसेप्शन रजिस्टर बरामद किया गया। रेस्क्यू की गई युवतियों में दो के नाबालिग होने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मिजोरम और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में भी इस नेटवर्क से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं। अब उत्तराखंड पुलिस मिजोरम पुलिस के साथ समन्वय कर इस मानव तस्करी गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद रुद्रपुर के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया है।
