हल्द्वानी में सट्टे की लत के चलते एक किशोर द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ही आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मृतक ने मौत से ठीक पहले एक वीडियो में अपने दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कालाढूंगी थाना क्षेत्र के कोटाबाग निवासी 17 वर्षीय युवक ने कथित रूप से सट्टे में रुपये हारने के बाद जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक के पिताथपलिया गजा के सरपंच हैं। घटना से पहले परिजनों द्वारा बनाया गया एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक अपने दोस्त पर रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगा रहा है।
वीडियो में मृतक ने आरोप लगाया कि युवक उसे लगातार जुआ खेलने के लिए मजबूर करता था और रुपये हारने के बाद उससे पैसों की मांग करते हुए धमकी देता था। उसने यह भी कहा कि आरोपी द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन हजार रुपये को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस दुखद घटना का कारण बना। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
