देवभूमि उत्तराखण्ड के चंपावत जिले के सल्ली क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष और पूर्व प्रधान समेत तीन लोगों ने धारदार हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता को एक डेयरी के कमरे से नग्न और बंधी हुई हालत में बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दुष्कर्म के बाद पीड़िता का मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए और उसे निर्वस्त्र अवस्था में कमरे में बंद कर फरार हो गए।
मामले में पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 5 मई को उनकी बेटी को विनोद सिंह शादी में ले गया था। देर रात तक वापस न आने पर चिंता बढ़ी। रात 1:28 बजे बेटी का फोन आया, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। सुबह करीब 4 बजे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पीड़िता को डेयरी के कमरे से बरामद किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पूरन सिंह, विनोद सिंह और नवीन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कोतवाली में भी हंगामा हुआ, जहां पीड़ित पक्ष के समर्थन में पहुंचे लोगों के साथ मारपीट की खबर है। आरोप है कि 8-10 लोग कोतवाली में घुस आए और हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग कर स्थिति संभालनी पड़ी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
