नैनीताल: नाबालिग से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन का दबाव और अश्लील वीडियो वायरल की धमकी—आरोपी गिरफ्तार

नैनीताल जनपद में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां नाबालिग से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 29 अप्रैल 2026 को कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया कि करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के माध्यम से उससे संपर्क किया गया था। आरोपी ने खुद को लड़की बताकर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे पीड़िता की निजी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद मोबाइल नंबर लेकर लगातार संपर्क बनाए रखा।

आरोप है कि बाद में आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन छेड़छाड़ की और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एफआईआर दर्ज कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 की धारा 3(1)/5(1) भी जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से पुलिस ने 1 मई को आरोपी को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इब्राहिम, निवासी बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) के रूप में हुई है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।