ऊधमसिंह नगर : शादी से मुकरा प्रेमी, आत्मदाह करने कोतवाली पहुंची महिला

ऊधमसिंह नगर। चार बच्चों की मां ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। आरोपी से शादी पर अड़ी महिला दो बोतलों में पेट्रोल लेकर कोतवाली पहुंची और आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

आरोप है कि बाजपुर निवासी चार बच्चों की मां और पड़ोस के युवक में प्रेम प्रसंग था। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाए। मामला उजागर होने पर उसके और उसके पति से अनबन हो गई। इस पर उसने पति को तलाक दे दिया। उसके बाद आरोपी ने शादी से मना कर दिया, इससे महिला बेघर हो गई। बृहस्पतिवार को महिला पेट्रोल भरी दो बोतल लेकर कोतवाली गेट के सामने आ धमकी। महिला पुलिस कर्मियों ने आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला को दबोच लिया। महिला को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पीड़ित महिला युवक पर कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। पूर्व प्रधान के अनुसार, मामले को सुलझाने के लिए पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश की जा रही है। महिला के चारों बच्चे फिलहाल उसके पति के पास हैं।