स्कार्पिओ और स्कूटी की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत

रूद्रपुर। हल्द्वानी मार्ग पर संजयवन के पास तेज गति से जाती स्कार्पियो व स्कूटी के मध्य हुई भिड़न्त में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि स्कूटी सवार युवक हल्द्वानी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रहे थे।

घटना की जानकारी मिलने पर सिडकुल थाना पुलिस व युवकों के साथी मौके पर आ गये। सभी युवकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहा चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर मृतक युवकों के परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार जसपुर निवासी अनिकेत, आकाश व रोहन ग्राम छतरपुर में किरायेदार के रूप में रहकर अशोक लेलेंड कम्पनी में काम करते थे।

बताया जाता है की सायं तीनों साथी रविवार देर रात्रि हल्द्वानी में अपने दोस्त के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गये थे। जहां से वह स्कूटी पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। जब वह संजयवन के पास पहुंचे तो सामने की ओर से तीव्र गति से आती स्कार्पियो के अज्ञात चालक ने स्कूटी को जोर से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कूटी स्कार्पियोके नीचे चेसिस में फंस गई और काफी दूर तक घिसटते चली गई।

इस हादसे में स्कूटी सवार उक्त तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। स्कार्पियो चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। राह गुजरते लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंनें तीनों युवकों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

जहां चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के पास से मिले मोबाईल कागजात के आधार पर मामले की जानकारी उनके साथियों को दी जिस पर कई लोग चिकित्सालय आ गये। वहीं मामले की सूचना मिलने पर मृतक युवकों के परिजन भी प्रातः यहां आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।