किच्छा: शादी में गए तेल मिल मालिक के घर लाखों की चोरी

किच्छा के एक तेल मिल मालिक के घर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रामनगर गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर रोड स्थित तेल मिल के मालिक राजेंद्र गोयल शनिवार को अपने परिवार के साथ रामनगर गए थे। सोमवार को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने घर के सभी कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल पीएस दानू और पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

हालांकि, आसपास लगे कैमरों में रविवार तड़के करीब 2:45 बजे दो बाइक सवार संदिग्ध घर के पास घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ समेत स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस के अनुसार, चोरी के खुलासे के लिए एसओजी समेत चार टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया जा रहा है।