खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर साल बुझी नंबर-1 स्थित खाली पड़ी जंगलात की भूमि पर सिटी पार्क के निर्माण को लेकर शनिवार को डीएफओ हिमांशु बाँगड़ी और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल सिटी पार्क का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास से पीलीभीत रोड स्थित साल-बोझी वन विभाग की भूमि पर इस पार्क विकास की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रस्तावित सिटी पार्क में ओपन जिम, रनिंग ट्रैक, एडवेंचर क्रीड़ा स्थल, योग केंद्र तथा बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क बनाया जाएगा। अनुमान है कि तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सिटी पार्क का निर्माण खटीमा के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा और “स्वच्छ खटीमा – सुंदर खटीमा – स्वस्थ खटीमा” की अवधारणा को मजबूत करेगा।
डीएफओ हिमांशु बाँगड़ी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियाँ जल्द से जल्द पूरी कर ली जाएँ और विभागीय औपचारिकताएँ तेजी से निपटाई जाएँ।
निरीक्षण के दौरान बीजेपी के पूर्व नगर मंडल महामंत्री मनोज वाधवा, जिला कार्यकारिणी सदस्य राहुल सक्सेना, वन दरोगा डोली डोभाल, ओबीसी मोर्चा नगर अध्यक्ष सचिन रस्तोगी, छात्र संघ उपाध्यक्ष शुभम पटवा, रंजन अग्रवाल, करण यादव आदि मौजूद रहे।
