रुद्रपुर। सामिया लेक सिटी परिसर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से शनिवार रात्रि को आयोजित श्री श्याम संकीर्तन में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्याम बाबा की महिमा का ऐसा भावपूर्ण गुणगान हुआ कि श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने को मजबूर हो गए।
लोकप्रिय भजन गायक आलोक श्रीवास्तव, मास्टर बॉबी और निशा अरोरा ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिनसे पूरा वातावरण श्याममय हो उठा। “खाटू वाला आया रे बुलावा तेरा आया रे” और “श्याम बाबा की जय” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
संकीर्तन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाया और नगरवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। आयोजकों ने उन्हें मंच पर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि श्याम बाबा की भक्ति हमें मानवता, सेवा और त्याग का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने में सहायक होते हैं।
संकीर्तन में समाजसेवी संजय ठुकराल, गगन ग्रोवर, आनंद शर्मा, श्याम मित्र मंडल से अमर कोली, विनाश शर्मा, राहुल कोली, विक्रम, राजेन्द्र, मनदीप वर्मा, हरमन सिंह, टोनी शेरगिल, अशोक शर्मा, सोबन नाथ, यश, राकेश तिवारी, अवनीश सक्सेना, अजीत शर्मा, पंकज कुमार, राजेन्द्र सिंह, अंकुर कुमार, सुमित, पारस, अजय बहादुर, अजय गुप्ता, रूद्रा समेत अनेक श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
