रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 6 अगस्त से 10 अगस्त 2025 के बीच उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं औसत से अधिक वर्षा, तेज गर्जना तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।

प्राप्त चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका है। संभावित आपदा के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जनपद उधमसिंह नगर के समस्त विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को 07 अगस्त 2025 (गुरुवार) को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
यह आदेश राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त सभी निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है, तो आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
