मीडिया ग्रुप, 06 अगस्त, 2025
कलर फोटो कॉपी से नकली नोटरी टिकट तैयार कर प्रयोग करने का आरोप।
नोटरी वकीलों के द्वारा नोटरी करने के दौरान नकली नोटरी टिकट लगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा 12 नोटरी वकीलों के खिलाफ दर्ज किया गया है, इनमें तीन मृतक अधिवक्ताओं के नाम हैं।
मामला कानपुर का है जहां अगस्त 2023 को कचहरी में नकली टिकट बिक्री की बात सामने आई थी। बताया गया था कि कलर फोटो कॉपी से नकली नोटरी टिकट तैयार किए जा रहे हैं। तत्कालीन जिलाधिकारी ने 02 अगस्त 2023 को एसीएम प्रथम, कोषाधिकारी और सब रजिस्ट्रार प्रथम की तीन सदस्यीय कमेटी जांच के लिए बनाई थी।
जांच कमेटी ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन के साथ लगाए गए 955 शपथपत्र इकट्ठा किए थे। इनमें नोटरी टिकट का इस्तेमाल किया गया था। जांच में पाया गया कि 955 में 423 नकली टिकट का प्रयोग किया गया है। इसके बाद कमेटी ने नोटरी अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की संस्तुति की थी। इसमें अधिवक्ताओं का पक्ष शामिल नहीं किया गया था, इसलिए तत्कालीन जिलाधिकारी राकेश सिंह ने दोबारा जांच कराते हुए उनका पक्ष लेने के लिए कहा था।
दोबारा जांच के बात तत्कालीन एडीएम आपूर्ति राजेश कुमार ने मुख्य कोषाधिकारी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा था। इसके बाद रविवार रात नोटरी वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
