भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर इंदिरा कॉलोनी में मनाया गया जश्न

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह और किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदिरा कॉलोनी में जोरदार जश्न मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ते हुए मिठाई के रूप में जलेबी बांटी और जीत का उत्साह साझा किया।

रामपाल सिंह ने कहा, “हरियाणा में इतिहास बन रहा है। यह पहली बार है जब कोई पार्टी तीसरी बार लगातार सरकार बना रही है। राहुल गांधी द्वारा देश को वैश्विक मंच पर बदनाम करने के प्रयासों का जनता ने अपने वोट से जवाब दिया है। प्रदेश के लोगों ने झूठे आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा पर अपना भरोसा जताया है, और निकाय चुनावों में भी भाजपा को भारी जीत मिलेगी।”

किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा, “मैं हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाया। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है।”

इस अवसर पर किसान नेता ठाकुर जगदीश सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, परवेज खान, प्रमोद शर्मा, संदीप अवस्थी, सुशील चौहान, अशोक नेगी सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।