उत्तराखंड : कोटद्वार में मेडिकल कालेज के लिए जल्द शासनादेश जारी करने के आश्वासन पर कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की दूर की गई नाराजगी।

मीडिया ग्रुप, 25 दिसंबर, 2021

देहरादून। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आखिरकार मना लिया है। उनकी नाराजगी दूर हो गयी है अब वह इस्तीफा नहीं देंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार हरक सिंह रावत नाराज नहीं हैं और इस्तीफे का सवाल ही नहीं बनता।

वहीं, विधायक उमेश शर्मा काऊ ने भी इस बात का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में मेडिकल कालेज के लिए जल्द शासनादेश जारी होगा। विधायक काऊ के अनुसार पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने बीती रात मंत्री रावत से बातचीत की। इस दौरान डा रावत की पार्टी के केंद्रीय नेताओं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कोटद्वार मेडिकल कालेज के जल्द शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया। बता दें कि शुक्रवार को उन्होंने इस्तीफे की धमकी देकर कैबिनेट बैठक छोड़ दी थी। वे कोटद्वार मेडिकल कालेज से संबंधित प्रस्ताव कैबिनेट में नहीं लाने से नाराज बताए जा रहे थे।

कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत की मंत्री पद से इस्तीफे की धमकी ने भाजपा में हलचल बढ़ा दी थी। उधर, रायपुर क्षेत्र से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के भी भाजपा छोड़ने की चर्चा रही, लेकिन देर रात उन्होंने इससे इन्कार किया। काऊ ने कहा कि वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं।

काऊ को हरक सिंह के करीबियों में माना जाता है। देर रात इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी सक्रिय हो गया। भाजपा के कई केंद्रीय नेताओं ने भी उनसे बात की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात हरक सिंह रावत से बात की।