ऊधमसिंह नगर : बाजपुर में किसानों द्वारा ऑनलाइन धान खरीद पोर्टल न खुलने पर धरना प्रदर्शन, 25 दिसंबर को चक्का जाम का ऐलान।

मीडिया ग्रुप, 22 दिसंबर, 2021

बाजपुर। आश्वासन के बाद भी आनलाइन धान खरीद पोर्टल न खुलने से किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने भगत सिंह चौक पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने उपजिलाधिकारी राकेश चंद्र तिवारी को ज्ञापन देकर चेताया कि यदि दो दिन में पोर्टल नहीं खुला तो 25 दिसंबर को भगत सिंह चौक पर धान से लदे वाहन लगाकर चक्का जाम किया जाएगा।

बुधवार को बड़ी संख्या में किसान कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में एकत्र हुए। जहां से भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा की अगुवाई में जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए भगत सिंह चौक पर पहुंचे। वहां पर मुख्यमार्ग पर धरना-प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने हल्द्वानी में खाद्य मंत्री बंशीधर भगत से मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने खाद्य सचिव देहरादून को 25 हजार क्विटल के साथ पोर्टल खोलने के लिए आदेशित था। यदि किसानों के पास धान शेष बचेगा तो पोर्टल को और बढ़ा दिया जाएगा। 10 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक धान का पोर्टल नहीं खुला है।

उनका कहना था कि पिछले सीजन में करीब दो लाख क्विटल धान की खरीद हुई थी। जबकि इस वर्ष एक लाख 30 हजार क्विटल धान तुलने के बाद ही खरीद बंद कर दी गई, जोकि न्यायसंगत नहीं है। किसान पहले ही आपदा की मार झेल रहे हैं एवं किसानों की बहुत ही दयनीय स्थिति बनी हुई है।

प्रदर्शन करने वालों में भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष प्रताप सिंह संधू, युवा विग के ब्लॉक अध्यक्ष हरप्रीत सिंह निज्जर, बीकेयू एकता उग्राहां के प्रदेश महासचिव जनकवि बल्ली सिंह चीमा, युवा किसान नेता विक्की रंधावा, देवेंद्र सिंह, भूरा, हरदीप सिंह, गुरदीप सिंह, मलकीत सिंह, ऋषिपाल सिंह, कृपाल सिंह, चन्ना सिंह, प्रभशरण सिंह, जीत सिंह, अवतार सिंह मौजूद थे।