ऊधमसिंह नगर। नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्ष एवं सदस्यों के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को होने वाले मतदान को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि 22 सितंबर को संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में निवास करने वाले शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अर्द्धशासकीय निकायों तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों, कारीगरों एवं मजदूरों के लिए सवेतन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
अवकाश का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना और मतदान प्रतिशत बढ़ाना है।
