मुहर्रम पर रुद्रपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, सुबह 11 बजे से कई मार्गों पर बदलेगा यातायात

रिपोर्ट – मनीष ग्रोवर

रुद्रपुर। मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। इसके तहत 26 जून को रुद्रपुर शहर में निकलने वाले मुहर्रम जुलूस के दौरान सुबह 11 बजे से जुलूस की समाप्ति तक विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू रहेगी।

पुलिस के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद एवं रामपुर की ओर से आने वाले और काशीपुर, हरिद्वार, सितारगंज, खटीमा, नैनीताल तथा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं हरिद्वार एवं काशीपुर की ओर से आने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल के पास स्थित फ्लाईओवर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे।

खटीमा, सितारगंज एवं किच्छा की ओर से आने वाले तथा रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, काशीपुर एवं हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों को राधा स्वामी सत्संग के निकट स्थित फ्लाईओवर से रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार नैनीताल एवं हल्द्वानी की ओर से आने वाले और काशीपुर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली तथा दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन पार्ले चौक से रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर नगर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के वाहनों को जुलूस की स्थिति और यातायात दबाव को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न स्थानों से अल्प अवधि के लिए डायवर्ट किया जा सकता है। इसके अलावा मुहर्रम पर्व के दौरान सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पूर्व निर्धारित डायवर्जन योजना की जानकारी अवश्य लें, वैकल्पिक मार्ग के रूप में रिंग रोड का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।