रिपोर्ट- राजीव कालरा
उधम सिंह नगर के दिनेशपुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क समेत विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। विकास कार्यों की शुरुआत होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
चेयरपर्सन मनजीत कौर एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कावल सिंह विर्क ने सभासदों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। बताया गया कि वार्ड नंबर 1 की सड़क कई वर्षों से बदहाल स्थिति में थी। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष कावल सिंह विर्क ने कहा कि दिनेशपुर के प्रत्येक वार्ड में तेजी से विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा किसी भी क्षेत्र को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है। दिनेशपुर क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे। जनता की हर समस्या का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।”
विकास कार्यों के शुभारंभ से स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र में अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी शीघ्र विस्तार किया जाएगा।
