रूद्रपुर। सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के बाद जनपद आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने त्रिशूल चौक पर जोरदार स्वागत किया। काशीपुर से खटीमा की ओर जाते समय जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला चौक पर पहुंचा, पूरा क्षेत्र आतिशबाजी, गाजे-बाजे और पुष्प वर्षा से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं का उत्साह इतना अधिक था कि कार्यक्रम ने विशाल रैली का रूप ले लिया।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही “भाजपा जिंदाबाद” और “धाकड़ धामी जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को फूलमालाओं से लाद दिया और एक झलक पाने की होड़ मच गई।
इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री को गदा भेंट कर सम्मानित किया, वहीं सिख समाज ने तलवार भेंट कर अभिनंदन किया। श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल, ब्राह्मण समाज और नील कंठ धाम समिति सहित कई संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिससे वे भावुक और अभिभूत नजर आए।
कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से विपक्ष में बेचैनी है, जिसके चलते वे भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
सभा को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने धामी सरकार की उपलब्धियों और नगर निगम की योजनाओं को विस्तार से बताया। विधायक शिव अरोड़ा सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
