रुद्रपुर। दो दिन पूर्व कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट साझा की जा रही हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए इसे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश बताया है।
प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई तहरीर में ठुकराल ने बताया कि 28 मार्च 2026 को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही उनके विरुद्ध सोशल मीडिया पर एक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने डम्पी चोपड़ा, नीतिश ग्रोवर, जगदीश विश्वास उर्फ सुदर्शन, अजीत सक्सैना और राज कोली समेत कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि ये लोग विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ लगातार असत्य और आधारहीन टिप्पणियां कर रहे हैं।
तहरीर में ठुकराल ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी उन्हें एआई तकनीक के माध्यम से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद ये तत्व दोबारा सक्रिय हो गए हैं और एआई के जरिए उनके व्यक्तित्व को विवादित बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को समाज में ‘विषवमन’ करार दिया है।
पूर्व विधायक ने बताया कि वायरल हो रही आपत्तिजनक पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट्स उन्होंने सुरक्षित रख लिए हैं और साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
