गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि।

मीडिया ग्रुप, 10 अक्टूबर, 2022

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर राजनितिक जगत शोक की लहर में डूबा हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में 3 दिवसीय राजकीय शोक का ऐलान किया गया है।

आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के चलते उनका निधन आज सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हुआ। जिसके बाद गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीटर पर लिखा ‘मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई।

वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘श्री मुलायम सिंह यादव जी ज़मीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई।

अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।’