बाइकर्स ने दिनदहाड़े महिला के गले पर झपट्टा मारकर लूटी चेन, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मीडिया ग्रुप, 10 अप्रैल, 2022

आगरा के थाना सदर क्षेत्र के ताल फिरोज खां में बाइकर्स गैंग ने रविवार को दिनदहाड़े सैन्यकर्मी की मां के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। वारदात के बाद बदमाश सेवला की तरफ भाग निकले। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। मगर, बदमाशों का पता नहीं चल सका।

मधु नगर निवासी सूबेदार राजेश कुमार ने बताया कि वह जैसलमेर, राजस्थान में तैनात हैं। इस समय छुट्टी पर आए हुए हैं। रामनवमी पर 65 वर्षीय मां प्रेमवती ताल फिरोज खां में रहने वाली बहन विमलेश के घर गई थी। विमलेश की घर के बाहर ही दुकान है।

दोपहर तकरीबन 1:30 बजे मां प्रेमवती दुकान पर बैठी हुई थी। तभी दो युवक बाइक पर आए। इनमें से एक बाइक पर ही बैठा रहा, दूसरा नीचे उतर कर दुकान पर आया। उसने पानी का पाउच मांगा। मां ने पानी का पाउच देना चाहा। तभी बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारा और चेन तोड़ ली।

उनके गले पर खरोच भी आ गई। बाद में बदमाश बाइक पर अपने साथी के साथ बैठ कर भाग निकला। प्रेमवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। मगर, बदमाशों का पता नहीं चल सका। पुलिस को सूचना दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।