उत्तराखंड : रुद्रपुर सीट से टिकट कटने पर भाजपा विधायक ठुकराल ने अपनाएं बगावती तेवर, भाजपा से दिया इस्तीफा, निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान।

मीडिया ग्रुप, 27 जनवरी, 2022

रुद्रपुर। विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से 70 प्रत्याशियों में से 59 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर 11 प्रत्याशियों के नाम रोक लिए गए थे जिसमें रुद्रपुर सीट से दो बार भाजपा के विधायक रहें राजकुमार ठुकराल का नाम भी टिकट काटे जाने में शामिल बताया जा रहा था।

भाजपा की ओर से अपनी दूसरी सूची जारी कर टिकट दिए जाने वाले प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए गए हैं जिसमें रुद्रपुर विधानसभा सीट से भाजपा के दो बार से विधायक राजकुमार ठुकराल का टिकट काटकर भाजपा के जिला अध्यक्ष शिव अरोरा को रुद्रपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है।

टिकट काटे जाने से भाजपा विधायक ठुकराल खासे नाराज दिखाई दे रहे हैं उनके आवास पर हजारों की संख्या में उनके समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। अपने समर्थकों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक कर विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा भारतीय जनता पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया है।

विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष को लिखे इस्तीफे में कहा है कि मैं अत्यंत दुखी व द्रवित होकर भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं। मेरे साथ कुछ विरोधी मानसिकता के लोगो ने कूट रचना करके रुद्रपुर विधानसभा से मेरा भाजपा विधायक पद के लिए टिकट कटवा दिया है।

मैं 2012 व 2017 में भाजपा के टिकट पर विधायक बना था। मैंने 2013 व 2018 में दोनों बार से नगर निगम का मेयर क्रमशः सोनी कोली व रामपाल जी को जिताया था। दोनों बार सर्वाधिक पार्षद भाजपा के जीताये थे। 2014 में श्री भगत सिंह कोश्यारी जी व 2019 में श्री अजय भट्ट जी को संपूर्ण उत्तर भारत में सर्वाधिक मतों से अपनी विधानसभा से जीता कर सांसद बनवाया था लेकिन मेरे साथ घोर अन्याय होने के कारण मैं त्यागपत्र दे रहा हूं।

भाजपा विधायक का टिकट काटे जाने से उनके समर्थकों में भी काफी नाराजगी है। बुधवार शाम को सूची जारी होने के बाद से ही उनके आवास पर हजारों की संख्या में उनके समर्थकों का जमावड़ा लग गया था। ठुकराल ने बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे आगे की रणनीति पर निर्णय लेने के लिए अपने समर्थकों को अपने आवास पर बुलाया।

आज नगर निगम रूद्रपुर के कई पार्षदों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राम प्रधान व भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विधायक समर्थक हजारों की संख्या में विधायक आवास पर जुटे थे। इस दौरान राजकुमार ठुकराल द्वारा निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। ठुकराल के निर्दलीय चुनाव लड़ने से रुद्रपुर सीट पर चुनाव त्रिकोणीय होने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है जिससे भाजपा को ख़ासा नुकसान उठाना पड़ सकता है।