उत्तराखंड : हरीश रावत सहित कांग्रेस के दिग्गजों की बदली गयी विधानसभा सीट, हरीश रावत लालकुआं से, डॉ महेंद्र पाल रामनगर से लड़ेंगे चुनाव।

मीडिया ग्रुप, 27 जनवरी, 2022

देहरादून। कांग्रेस ने पहले घोषित प्रत्याशियों की सूची में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत नैनीताल जिले की लाल कुआं सीट से चुनाव लड़ेंगे। पहले उन्हें नैनीताल जिले की रामनगर सीट से टिकट दिया गया था। रामनगर सीट से पहले अब पूर्व सांसद महेंद्र पाल को टिकट दिया गया है।

पहले उन्हें नैनीताल जिले की कालाढूंगी सीट से प्रत्याशी बनाया गया था। कालाढूंगी से अब महेश शर्मा को मैदान में उतारा गया है। पूर्व विधायक रणजीत रावत अल्मोड़ा जिले की सल्ट से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे। नैनीताल की लालकुआं सीट पर पहले संध्या डालाकोटी को टिकट दिया गया था, उन्हें मैदान से हटा लिया गया है।

रामनगर में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को टिकट देने का पूर्व प्रत्याशी व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत विरोध कर रहे थे। पार्टी हाईकमान ने हस्तक्षेप कर यह निर्णय लिया है। पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक संशोधित सूची कुछ देर बाद जारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व वरिष्ठ प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने पार्टी के इस निर्णय की पुष्टि की है।

पूर्व मंत्री हरक सिंह को टिकट नहीं मिला। डोईवाला से मोहित उनियाल का टिकट कटा। इसकी जगह गौरव चौधरी को टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी अनुपमा को हरिद्वार ग्रामीण से टिकट दिया गया है।

ओमगोपाल ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली। आज बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ओमगोपाल को प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। ओमगोपाल को नरेंद्रनगर से कांग्रेस प्रत्याशी बनाएगी।